बलिया
समाधान दिवस में भूमि विवादों पर डीएम सख्त, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
सदर तहसील में 112 शिकायतें, 10 का मौके पर निस्तारण
सरकारी भूमि पर कब्जे के मामलों में पैमाइश और सीमांकन के निर्देश
बलिया। सदर तहसील में सोमवार को जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़े मामले प्रमुख रूप से सामने आए।
जनसुनवाई में कुल 112 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कई फरियादी भूमि विवाद, अवैध कब्जे और राजस्व संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे।
चितबड़ागांव क्षेत्र में सरकारी तालाब की भूमि पर अवैध निर्माण के मामले को डीएम ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल पैमाइश और सीमांकन कर भूमि को सुरक्षित करने के निर्देश दिए। वहीं कोरन्डाडीह गांव की शिकायत पर संबंधित थाने को मौके पर जाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आदेश दिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।
