Connect with us

गाजीपुर

सड़क सुरक्षा अभियान में 12 वाहन सीज, 18 शराबी चालक गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गाजीपुर (जयदेश)। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने बीती रात को बिरनो टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 215 वाहनों का चालान करते हुए 6,24,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि 12 वाहनों को सीज भी किया गया।

अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जनपद गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. राकेश कुमार मिश्र, एआरटीओ गाजीपुर, क्षेत्राधिकारी (यातायात), प्रभारी यातायात तथा थानाध्यक्ष बिरनो के संयुक्त नेतृत्व में आठ टीमों का गठन किया गया। बिरनो टोल प्लाजा की सभी आठ लेनों पर बैरीकेडिंग कर वाहनों की गहन जांच की गई।

चेकिंग के दौरान अंतरराज्यीय मार्गों पर चलने वाली रोडवेज बसों, भारी व्यावसायिक वाहनों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से जांच की गई। इस दौरान 18 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कर रहे 27 वाहनों का भी चालान किया गया। इसके अलावा बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और बिना वैध दस्तावेज के वाहन चलाने जैसे मामलों में भी बड़ी संख्या में कार्रवाई की गई।

Advertisement

गाजीपुर पुलिस प्रशासन ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page