गाजीपुर
शेरपुर में काशीदास बाबा का भव्य पूजन संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने टेका माथा
वैदिक विधि-विधान से हुआ अनुष्ठान, धार्मिक आस्था का उमड़ा जनसैलाब
कुंडेसर (गाजीपुर)। क्षेत्र के ग्राम पंचायत शेरपुर कला में काशीदास बाबा के भव्य पूजन समारोह का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
नागपुर के पंथी सुरेश महाराज ने कराया पूजन
पूजन अनुष्ठान नागपुर के प्रसिद्ध पंथी सुरेश महाराज के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। अनुष्ठान के दौरान उन्होंने खौलते दूध से स्नान कर श्रद्धालुओं को आश्चर्यचकित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस पूजा की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है और इसे भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन पूजा से भी जोड़ा जाता है।
प्रकृति संरक्षण और सामाजिक सौहार्द का दिया संदेश
पंथी सुरेश महाराज ने कहा कि इस पूजा का उद्देश्य समस्त जीव-जंतुओं, पशु-पक्षियों, पेड़-पौधों और पूरी सृष्टि के कल्याण की कामना करना है। उन्होंने बताया कि यह परंपरा प्रकृति संरक्षण, मानव-प्रकृति के सहअस्तित्व और सामाजिक सौहार्द का संदेश देती है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में आए कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं का भरपूर मनोरंजन किया। लोगों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे उपस्थित
पूरे ग्राम सभा की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में जीउत, सत्यनारायण, गोरख, लक्ष्मण, राधेश्याम, रामअवध, लल्लन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की।
