चन्दौली
विशाल व्यापारी सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह में सम्मानित हुए 151 व्यापारी
चंदौली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की ओर से गुरुवार की शाम मुख्यालय स्थित एक वाटिका में विशाल व्यापारी सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद के व्यापारियों की समस्याओं, उनके हितों की रक्षा तथा सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल, विधायक रमेश जायसवाल, प्रांतीय वरिष्ठ महामंत्री रमेश अग्रहरि, विशिष्ट अतिथि रामजी अग्रहरि व विजय कपूर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल वर्षों से व्यापारियों के हित में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी समाज देश के विकास में अपना अतुलनीय योगदान दे रहा है। व्यापारी अपने टैक्स के माध्यम से सरकार को राजस्व प्रदान कर रहे हैं और समाज हित में स्कूल, कॉलेज, अस्पताल एवं गरीब परिवारों के उत्थान के लिए भी कार्य कर रहे हैं।
बनवारी लाल कंछल ने कहा कि विभिन्न सरकारों द्वारा व्यापारियों के हितों की अनदेखी की जाती रही है, इसके बावजूद व्यापारी समाज ईमानदारी पूर्वक देश और समाज के हित में कार्य कर रहा है।
विधायक रमेश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार व्यापारियों के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापारियों को बढ़ावा देना और सहयोग करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “मैं खुद एक व्यापारी रहा हूं, इसलिए व्यापारियों की समस्याओं और उनके संघर्षों से भली-भांति परिचित हूं। यदि व्यापारियों के मान-सम्मान की बात आती है तो मैं अपने पद का मोह नहीं करूंगा और पूरी ताकत से उनके हितों की रक्षा करूंगा।”

प्रांतीय महामंत्री रमेश अग्रहरि ने कहा कि व्यापारी समाज न केवल व्यापार बल्कि संपूर्ण समाज के विकास के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब देश में प्राकृतिक आपदाएं आई हैं, तब-तब व्यापारियों ने तन, मन और धन से समाज की सेवा की है।
कार्यक्रम के दौरान जिला अध्यक्ष लक्ष्मीकांत अग्रहरि ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए हमेशा तत्पर रहेगा।
उन्होंने दो टूक कहा कि “यदि किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न हुआ, तो संगठन इसका डटकर मुकाबला करेगा और किसी भी कीमत पर अन्याय सहन नहीं किया जाएगा।”
इस अवसर पर जनपद के 151 उत्कृष्ट व्यापारियों को सम्मानित किया गया। इन्हें स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में व्यापार जगत के कई प्रतिष्ठित सदस्य मौजूद रहे, जिनमें चंदेश्वर जायसवाल, गुरदीप सिंह, नगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, देशदीप मित्तल, मंसूर आलम, अशोक गुप्ता, रिशु जायसवाल, नारायण दास जायसवाल, हरिश्चंद्र अग्रहरि, कौशल कुमार, बिरजू अग्रहरि एवं संतोष जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
इस सम्मेलन के माध्यम से व्यापारियों को एकजुट रहने और अपने अधिकारों के लिए संगठित रूप से कार्य करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन होली मिलन समारोह के साथ हुआ, जिसमें व्यापारियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाई खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
