Connect with us

वाराणसी

लू के बढ़ते प्रकोप के बीच कबीरचौरा अस्पताल में कोल्ड रूम तैयार, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Published

on

Loading...
Loading...

कबीरचौरा अस्पताल में आइस बॉक्स, ORS और दवाओं का पर्याप्त इंतजाम

वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते असर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के उपचार के लिए श्री शिवप्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा में विशेष कोल्ड रूम तैयार किया गया है।

अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार ने बताया कि इस सुविधा का उद्देश्य लू और हीट स्ट्रोक से पीड़ित मरीजों को तत्काल राहत और बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। कोल्ड रूम में वॉटर टब यानी वॉटर बाथ की व्यवस्था की गई है, जिससे 104 से 105 डिग्री तक शरीर का तापमान पहुंचने वाले मरीजों को तुरंत ठंडे पानी के माध्यम से नियंत्रित किया जा सके।

इसके अलावा आइस बॉक्स, ओआरएस पैकेट, थर्मामीटर और आवश्यक आपातकालीन दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। अस्पताल में प्रशिक्षित डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम 24 घंटे तैनात की गई है, ताकि मरीजों को बिना किसी विलंब के उपचार मिल सके।

डॉ. बृजेश कुमार ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। विशेष रूप से सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय सबसे अधिक जोखिम भरा बताया गया है। इस दौरान बुजुर्गों, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है।

Advertisement

उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय शरीर को पूरी तरह ढककर रखें, हल्के कपड़े पहनें और नियमित रूप से पानी पीते रहें। शरीर को हाइड्रेट बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी व्यक्ति को चक्कर, कमजोरी या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। समय पर इलाज ही हीट स्ट्रोक से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page