Connect with us

वाराणसी

लंका पुलिस ने झपटमारी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। थाना लंका पुलिस ने चोरी/झपटमारी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पीली धातु के आभूषणों में एक मांग टीका, एक नथिया और एक नाक की कील के साथ कुल 200 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराध नियंत्रण और चोरी-लूट की घटनाओं के अनावरण हेतु चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत की गई।

पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर और प्रभारी निरीक्षक लंका के नेतृत्व में थाना लंका पुलिस टीम ने 25 अप्रैल 2026 को सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के सामने खाली जमीन के पास से डब्बू पुत्र पप्पू निवासी बजरडीहा सुरजन सराय शौचालय के पास थाना भेलूपुर, वाराणसी (उम्र 25 वर्ष) तथा साहिद उर्फ साहिल पुत्र मुन्ना निवासी बौलिया लहरतारा सनबीम स्कूल के सामने रेलवे क्रासिंग के पास मलीन बस्ती, थाना मण्डुवाडीह वाराणसी (उम्र 20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रकरण के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को थाना लंका में एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि बाइक सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसका बैग झपट लिया, जिसमें मांग टीका, नथिया, छोटा ईयर रिंग, नाक की कील और 20 हजार रुपये नकद रखे थे। इस सूचना पर थाना लंका में मु०अ०सं० 185/2026 धारा 304 (2) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया, जिसमें बाद में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

पूछताछ के दौरान अभियुक्त डब्बू ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह और उसका साथी साहिद नशे के आदी हैं और उनके पास कोई रोजगार नहीं है। घटना के दिन दोनों लंका चौराहे की ओर जा रहे थे, तभी एक टोटो में जा रही महिला को देखकर साहिद ने पीछे बैठकर उसका बैग छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। छीने गए सामान में से नकदी खर्च कर दी गई, जबकि आभूषणों को बेचने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान वही है जो पीड़िता के बैग में था। बैग को घटना के बाद फेंक दिया गया था। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार, उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक स्वप्निल सिंह, हेड कांस्टेबल बृजेश ठाकुर, कांस्टेबल अमित शुक्ला, पवन कुमार, कृष्णकांत पाण्डेय, सूरज कुमार और राकेश की टीम ने गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई को अंजाम दिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page