मिर्ज़ापुर
मिर्जापुर : कुलपति प्रोफेसर शोभा गौड़ पर छात्रों से अमानवीय व्यवहार का आरोप
मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी राज्य विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर शोभा गौड़ पर गंभीर आरोप लगा है। सीट वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलनरत छात्र जब विश्वविद्यालय के कैंप कार्यालय की ओर जा रहे थे, तभी आरोप है कि कुलपति की गाड़ी ने तेज रफ्तार में दो छात्रों को टक्कर मार दी। छात्रों का कहना है कि गाड़ी लगभग 70 की स्पीड से आई और दो छात्र इसकी चपेट में आ गए।
इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। केबीपीजी और जीडी बिन्नानी कॉलेज के एक-एक छात्र के पैर में चोट आई, जिनका इलाज पड़री के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।कई दिनों से सीट वृद्धि को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों ने बताया कि वे वार्ता करना चाहते थे, लेकिन कार्यालय पहुंचने से पहले ही यह घटना हो गई।
हादसे के बाद गुस्साए छात्रों ने पीछे आ रही रजिस्ट्रार की गाड़ी को रोक लिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से कुलपति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम और एसपी ने छात्रों से वीडियो कॉलिंग पर बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
इस बीच केबीपीजी और जीडी बिन्नानी कॉलेज के प्राचार्यों ने संयुक्त बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि इस वर्ष भी पिछले साल की तरह सीटों पर ही प्रवेश होगा। घटना पड़री थाना क्षेत्र के मोहनपुर में हुई और अब पूरे मामले की जांच पुलिस प्रशासन कर रहा है।
