गोरखपुर
भीषण गर्मी से सड़के पड़ी सूनी, बढ़ते तापमान ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें
गोलाबाजार (गोरखपुर)। कड़ाके की धूप और भारी उमस के साथ चल रहे गर्म हवा से गोला क्षेत्र के लोगों का आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित दिख रहा है। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के कारण दिन दस बजे से सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दे रहा है। आवश्यक कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं, जबकि बाजारों और प्रमुख चौराहों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ कम देखने को मिल रही है।
प्राप्त विवरण के अनुसार भीषण गर्मी अपना भयंकर रूप धारण कर पूरी तरह तबाही का मंजर फैला दिया है। लोग अपने घरों से बाहर निकलने में पूरी तरह भय खा रहे है। मृत्यु दर की भी बढ़ोत्तरी हो गई है। हृदय पक्षाघात से लोग काल कवलित हो रहे है। गर्मी का प्रभाव स्थानीय दुकानदारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बाजारों में ग्राहकों की संख्या घटने से व्यापार प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों का कहना है कि तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहना ही सुरक्षित समझ रहे हैं, जिससे बिक्री में लगातार गिरावट आ रही है।
उधर, लगातार बढ़ रही गर्मी के चलते लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। क्षेत्र में सर्दी, खांसी, बुखार, डिहाइड्रेशन और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। सी एच सी गोला के अधीक्षक डा ए एन ठाकुर ने लोगों को भीषण गर्मी से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बिना आवश्यक कार्य के तेज धूप में बाहर न निकलें, अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करें तथा शरीर को हाइड्रेट रखें। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील किया है।
डॉक्टर ठाकुर ने बताया कि तेज धूप और लू के कारण लोगों में कमजोरी, चक्कर आना, बुखार और वायरल संक्रमण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने लोगों को हल्के और सूती कपड़े पहनने, सिर को ढककर बाहर निकलने तथा तली-भुनी चीजों से परहेज करने की सलाह दिया है।।
स्थानीय लोगों ने शासन और प्रशासन से सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था, छायादार स्थानों और राहत के अन्य इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी के बीच लोगों को कुछ राहत मिल सके।
