मिर्ज़ापुर
भाजपा प्रदेश मंत्री राकेश बिंद का मीरजापुर में जोरदार स्वागत
संगठन विस्तार और बूथ सशक्तीकरण पर कार्यकर्ताओं से किया संवाद, गांव-गांव संगठन मजबूत करने का आह्वान
मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री राकेश बिंद के जनपद में प्रथम आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। प्रयागराज जाते समय रमईपट्टी स्थित आयुष हॉस्पिटल में आयोजित स्वागत समारोह में कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. सीएल बिंद ने माल्यार्पण कर किया। इसके बाद किसान मोर्चा, काशी क्षेत्र के पूर्व क्षेत्रीय मंत्री लक्ष्मीकांत पाण्डेय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मंत्री का जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान राकेश बिंद ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए संगठन की मजबूती पर चर्चा की। उन्होंने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा संगठन की रीढ़ हैं। संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ सक्रियता बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रदेश मंत्री के संबोधन से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। स्वागत समारोह में प्रदेश कार्य समिति सदस्य किसान मोर्चा विद्याधर तिवारी, पहाड़ी ब्लॉक प्रमुख इंद्र बहादुर पांडेय, मनीष गुप्ता, पूर्व मंडल अध्यक्ष नगर पूर्वी अजय उपाध्याय, शक्ति केंद्र संयोजक मुरलीधर, उपाध्यक्ष सुशील मिश्रा एडवोकेट, जितेंद्र मौर्य सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
