Connect with us

भदोही

भदोही में शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ

Published

on

Loading...
Loading...

छात्रों को मिली ₹1200 की डीबीटी सहायता

कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद बोले— शिक्षा और स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता, 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज

भदोही। उत्तर प्रदेश सरकार की शिक्षा, शिक्षक कल्याण एवं छात्र हित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को चित्रांगन लॉन, ज्ञानपुर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से किया। मुख्य अतिथि के रूप में मत्स्य विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद मौजूद रहे।

12 लाख शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना के तहत प्रदेश के करीब 12 लाख शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। योजना का उद्देश्य शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना और इलाज के आर्थिक बोझ से राहत दिलाना है।

1.10 करोड़ छात्रों के खातों में भेजी गई डीबीटी राशि

इस अवसर पर प्रदेश के 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में ₹1200 प्रति छात्र की डीबीटी राशि हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई। यह राशि यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री की खरीद के लिए दी जा रही है।

Advertisement

शिक्षा और स्वास्थ्य विकास की मजबूत नींव : डॉ. संजय निषाद

कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाएं पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक सुरक्षित और सम्मानित होंगे तो वे नई पीढ़ी को बेहतर दिशा दे सकेंगे। सरकार की योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाना है।

एसबीआई के साथ एमओयू, शिक्षकों को मिलेगी सामाजिक सुरक्षा

कार्यक्रम में लगभग 10 लाख शिक्षकों एवं संविदा कर्मियों के हित में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) की जानकारी भी साझा की गई। इसके तहत शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा और वित्तीय संरक्षण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

भदोही ने नामांकन अभियान में प्रदेश में पाया पहला स्थान

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग ने नवीन नामांकन अभियान में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने शिक्षकों के नवाचार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शासन की सभी छात्र हितैषी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र छात्र तक समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

10 बच्चों को पोषण पोटली का वितरण

कार्यक्रम के दौरान बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से 10 लाभार्थियों को पोषण पोटली वितरित की गई। मंत्री ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सपना अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page