वाराणसी
बेटिकट यात्री पकड़े जाने पर चालक निलंबित, परिचालक की सेवा समाप्त
वाराणसी रोडवेज में बड़े पैमाने पर कार्रवाई देखने को मिली है। कैंट डिपो की एक बस में 16 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े गए, जिसके बाद विभाग ने संविदा परिचालक संतोष पटेल की सेवा समाप्त कर दी, जबकि स्थायी चालक जयप्रकाश सेकेंड को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय की रिपोर्ट पर शासन के निर्देश में की गई।
बस संख्या UP 78 HT 4332 की चेकिंग जौनपुर जिले के सिंगरामऊ इलाके में की गई थी, जहां टिकट जांच के दौरान 16 यात्री लखनऊ की ओर बिना टिकट यात्रा कर रहे थे। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्रबंधक ने शासन को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा था।
इसी के साथ कैंट डिपो के तीन संविदा चालक राजेश प्रसाद, राम अवतार पटेल और सुरेश पटेल तथा एक संविदा परिचालक रविप्रकाश यादव को लगातार बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण सेवा से बाहर कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद रोडवेज महकमे में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों के लिए यह एक सख्त चेतावनी मानी जा रही है।
