गाजीपुर
बेकाबू ट्रक ने पुलिया और बिजली पोल तोड़ा, पानी भरे खेत में पलटा
ड्राइवर-खलासी सुरक्षित; क्षेत्र में विद्युत सप्लाई ठप
गहमर (गाजीपुर) जयदेश। कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 124सी पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भदौरा-गहमर मार्ग पर मरकड़ा गांव के पास चौराहे के नजदीक तेज रफ्तार और अनियंत्रित टेलर ट्रक नहर की पुलिया को तोड़ते हुए सड़क किनारे खड़े हाईटेंशन विद्युत पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल टूटकर सड़क पर गिर गया, जबकि ट्रक सड़क से करीब पांच फीट नीचे पानी भरे खेत में जा पलटा।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में फंसे ड्राइवर और खलासी को सुरक्षित बाहर निकाला। हाईटेंशन पोल टूटने से सड़क पर तार गिर गए, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। एहतियातन कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही रोक दिया गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर तारों को पोल से अलग कर सड़क किनारे सुरक्षित कराया।
वहीं, बिजली विभाग के जेई (जीटी-2) कैलाश यादव ने बताया कि हादसे में कृषि विभाग और गहमर फीडर से जुड़े कुछ लाइन पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। मामले में बिजली विभाग की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।
