Connect with us

वाराणसी

बाइक सवार युवकों ने कारोबारी को पीटा, एक आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र के अस्सी घाट स्थित पार्किंग क्षेत्र में बाइक सवार युवकों द्वारा उत्पात मचाने और एक साड़ी व्यापारी पर हमले का मामला सामने आया है। गत सुबह के समय बेखौफ बदमाशों ने वर्चस्व दिखाते हुए व्यापारी के साथ मारपीट की और उसकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

साड़ी कारोबारी यश कपूर

जानकारी के अनुसार, दशाश्वमेध क्षेत्र के लाहौरी टोला निवासी साड़ी कारोबारी यश कपूर बीते रविवार सुबह करीब पांच बजे अपनी फॉर्च्यूनर कार (UP 65 FX 0606) से अस्सी घाट की ओर जा रहे थे। अस्सी पार्किंग के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक सवार तीन-चार युवक आए और बिना किसी कारण अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने यश कपूर के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान हमलावरों ने ईंटों से उनकी कार पर हमला कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।

पीड़ित के अनुसार, जब वह जान बचाकर वहां से निकलकर थाने की ओर जाने लगे, तो आरोपियों ने पीछा कर भेलूपुर चौराहे के पास उन्हें दोबारा घेर लिया और फिर मारपीट की। साथ ही थाने जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। किसी तरह मौके से निकलकर पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर घटना की जानकारी दी।

Advertisement

मामले में मुख्य आरोपी ऋषभ सिंह राजपूत का नाम सामने आने के बाद क्षेत्र में हलचल मच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी का पहले से आपराधिक गतिविधियों से संबंध रहा है और कुछ समय पहले उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित रूप से फायरिंग करता नजर आया था।

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, घाटों और प्रमुख स्थलों पर बढ़ती ऐसी घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page