गाजीपुर
पूर्व विधायक चौधरी लालता प्रसाद निषाद का निधन, राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर
91 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस, जमानियां क्षेत्र में शोक का माहौल
जनसेवा, सादगी और रामलीला अभिनय के लिए क्षेत्र में बनाई थी अलग पहचान
नंदगंज (गाजीपुर)। जमानियां विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ समाजसेवी चौधरी लालता प्रसाद निषाद का शनिवार को इलाज के दौरान निधन हो गया। वे करीब 91 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जनपद के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में समर्थक, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने लगे।
देवकली विकासखंड के चाड़ीपुर गांव निवासी चौधरी लालता प्रसाद निषाद लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक जीवन में सक्रिय रहे। वे अपनी सादगी, सहज व्यवहार और जनसेवा के लिए क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। जीवन के अंतिम वर्षों में वे समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे।
जनसेवा के साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी बनाई पहचान
चौधरी लालता प्रसाद निषाद ने राजनीति के साथ-साथ सांस्कृतिक क्षेत्र में भी अपनी अलग पहचान बनाई थी। चाड़ीपुर की प्रसिद्ध रामलीला में वे विभिन्न पात्रों का जीवंत अभिनय करते थे। उनके संवाद अदायगी और प्रभावशाली आवाज की चर्चा क्षेत्र में हमेशा होती रही।
राजनीतिक मंचों पर भाषण देते समय भी वे कई बार रामलीला के पात्रों के संवादों को अपनी ओजपूर्ण शैली में प्रस्तुत कर लोगों का ध्यान आकर्षित करते थे।
गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
परिजनों द्वारा शनिवार दोपहर बाद गंगा के चोंचकपुर घाट पर पूरे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और शुभचिंतक मौजूद रहे।
उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति देने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
