गाजीपुर
डीएम ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, 392 शिकायतों में 32 का मौके पर निस्तारण
जखनियां तहसील में डीएम अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश
जमीनी विवादों के निस्तारण में पुलिस-राजस्व विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य : जिलाधिकारी
गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील जखनियां में आयोजित समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा भी मौजूद रहे। इस दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जखनियां तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में कुल 137 शिकायत एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं जिले की सातों तहसीलों में कुल 392 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 32 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया।

सभी तहसीलों में सुनी गईं फरियादियों की समस्याएं
तहसील सदर में 38 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिसमें 4 का मौके पर निस्तारण किया गया। मुहम्मदाबाद तहसील में 62 शिकायतों में से 8, जमानियां में 35 शिकायतों में से 3, कासिमाबाद में 49 शिकायतों में से 4, सैदपुर में 26 शिकायतों में से 2 तथा सेवराई तहसील में 45 शिकायतों में से 4 मामलों का मौके पर समाधान किया गया।
राजस्व और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद एवं आपसी विवादों के मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने सभी लेखपालों को निर्देश दिया कि छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
हजारों की भीड़ में दिखा लोगों का भरोसा
सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों के अनुसार जखनियां तहसील परिसर में करीब एक हजार से अधिक लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, दिव्यांग और पीड़ित लोग जिलाधिकारी से सीधे अपनी समस्या रखने के लिए कतार में खड़े नजर आए।
कई फरियादियों ने बताया कि वे जिलाधिकारी को अपनी समस्या बताकर न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचे हैं। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों में अपनी शिकायतों के समाधान को लेकर उत्साह और भरोसा दिखाई दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी जखनियां सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
