Connect with us

वाराणसी

नाले में उतराया मिला लापता किशोर का शव

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। जिले के लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव से गायब एक किशोर का शव बुधवार को उसके घर के पीछे करीब 200 मीटर दूर एक गहरे नाले में उतराया हुआ मिला। घर के पास लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक की पहचान विशाल कुमार गौंड (17) के रूप में हुई है। वह 11 अगस्त की शाम घर से निकला था और रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसके भाई रवि कुमार ने 12 अगस्त को लोहता थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

Loading...

बुधवार सुबह गांव का ही एक लड़का नाले की ओर गया तो उसने शव को उतराया देखा। शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।

थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि मौत के कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। मृतक की मां जगमनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। विशाल तीन भाइयों में सबसे छोटा था। हाल ही में उसने हाईस्कूल की परीक्षा दी थी लेकिन वह फेल हो गया था।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page