दुर्घटना
तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से युवक की मौत
वाराणसी। जिले के राजातालाब थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक जुनेद की मौत हो गई। बीरभानपुर नहर के पास भैरव तालाब रोड पर एक अज्ञात पिकअप वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
रानी बाजार निवासी जुनेद निजी कार्य से जंसा की तरफ जा रहा था। भैरव तालाब रोड से गुजरते समय पीछे से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि जुनेद गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर राजातालाब पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टक्कर मारने के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मृतक के पिता ने राजातालाब थाने में अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
राजातालाब पुलिस के अनुसार, घटना से जुड़े आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार वाहन की पहचान करने और चालक तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
