गोरखपुर
छिनैती और चोरी के आरोप में शातिर गिरफ्तार, नकदी व नाक की कील बरामद
बेलघाट पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पर गोरखपुर समेत कई जिलों में दर्ज हैं 13 मुकदमे
गोरखपुर। बेलघाट पुलिस ने छिनैती और चोरी के मामलों में वांछित आरोपी लक्ष्मीनरायण उर्फ छोटू उर्फ बत्तन को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से पीली धातु की एक नाक की कील और 2,750 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गोरखपुर, संतकबीरनगर, अंबेडकरनगर और मथुरा में कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 26 अक्टूबर 2026 को सड़क किनारे खड़ी एक महिला की नाक की कील मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्ति झपटकर फरार हो गए थे। वहीं, 24 सितंबर 2026 की रात एक घर से सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। दोनों घटनाओं के संबंध में बेलघाट थाने में मुकदमे दर्ज किए गए थे।
चार सदस्यीय टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी खजनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक बेलघाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए लक्ष्मीनरायण उर्फ छोटू उर्फ बत्तन को गिरफ्तार किया। आरोपी बेलघाट थाना क्षेत्र के नरगड़ा जंगा सिंह गांव का निवासी है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से भी चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय कुमार, उपनिरीक्षक विनय कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल गरीब राम और कांस्टेबल साहबलाल शामिल रहे।
