मिर्ज़ापुर
गैंगस्टर एक्ट का फरार वारंटी गिरफ्तार
जीआरपी मिर्जापुर की कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को घर के बाहर से दबोचा
न्यायालय से जारी एनबीडब्ल्यू के आधार पर गिरफ्तारी, पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई शुरू
मिर्जापुर। रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और सरकुलेटिंग एरिया में अपराध नियंत्रण तथा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी मिर्जापुर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के एक लंबे समय से फरार वारंटी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रयागराज अरुण कुमार पाठक के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थानाध्यक्ष जीआरपी मिर्जापुर राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्रवाई की गई।
जीआरपी के अनुसार, थाना जीआरपी मिर्जापुर पर दर्ज मु.अ.सं. 20/2019 (धारा 3(1) गैंगस्टर एक्ट) में माननीय न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अनुपालन में फरार चल रहे बिंदु लाल उर्फ बिरजू (28 वर्ष) पुत्र हिन्दलाल सोनकर, निवासी शिवपुर बाजार, तारा मंदिर के पास, थाना विंध्याचल, मिर्जापुर को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी काफी समय से फरार था। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की जा रही है।
