वाराणसी
कार की टक्कर से वृद्धा घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बरियासनपुर गांव में आयोजित छेकाई रस्म के दौरान एक दर्दनाक हादसे में 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। अनियंत्रित कार को बैक करते समय चालक ने सड़क किनारे बैठी वृद्ध महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
उपचार के दौरान सोमवार रात उनकी मृत्यु हो गई।जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गांव निवासी दिनेश पटेल की बेटी की छेकाई का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान रिश्तेदारी से आए एक युवक ने कार को पीछे करना शुरू किया।
कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बैठी श्याम प्यारी देवी को जोरदार धक्का लग गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल लेढूपुर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
बताया गया कि श्याम प्यारी देवी अपने पति के निधन के बाद बरियासनपुर गांव में मकान बनवाकर रह रही थीं।मृतका के भाई गुलाब चंद पटेल, निवासी सीवो थाना चौबेपुर, ने मामले में तहरीर दी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार चालक ने लापरवाही से वाहन बैक करते समय उनकी बहन को टक्कर मार दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है।
