गाजीपुर
कान्हा गौशाला निर्माण में अनियमितता के आरोप, सभासद ने जांच की मांग उठाई
समाधान दिवस में डीएम को सौंपा गया शिकायती पत्र
घटिया सामग्री और निधि के दुरुपयोग का लगाया आरोप
सैदपुर (गाजीपुर)। नगर पंचायत सैदपुर के वार्ड संख्या-13 गंगानगर के सभासद सुनील यादव ने सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कान्हा गौशाला निर्माण कार्य में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी के नाम शिकायती पत्र सौंपकर जांच की मांग की।

शिकायत में कहा गया है कि ग्राम धरहरा में बन रही गौशाला के निर्माण कार्य में वित्तीय अनियमितता, घटिया सामग्री के उपयोग और नगर निधि के दुरुपयोग की आशंका है। सभासद ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है।
पत्र में भूमि के आकार और निर्माण लागत को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। साथ ही अन्य नगर पंचायतों में समान परियोजनाओं की तुलना करते हुए कार्य की गुणवत्ता पर संदेह जताया गया है।
सभासद ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने की मांग की है। प्रशासन की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
