Connect with us

गाजीपुर

भागड़ नाले के गड्ढे में डूबने से किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

Published

on

Loading...
Loading...

शौच के लिए घर से निकला था अमन, बुधवार सुबह गोताखोर ने गहरे पानी से निकाला शव; नौवीं का छात्र था मृतक

भांवरकोल, गाजीपुर। जयदेश। स्थानीय थाना क्षेत्र के निकरोजपुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर अमन कुमार की भागड़ नाले के गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बुधवार सुबह स्थानीय गोताखोर की मदद से उसका शव बाहर निकाला गया। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निकरोजपुर गांव निवासी अमन कुमार मंगलवार शाम शौच के लिए जाने की बात कहकर घर से निकला था। वह भागड़ नाले के पास स्थित एक गड्ढे की ओर गया था। बताया जा रहा है कि बाढ़ के पानी से गड्ढा लबालब भरा हुआ था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

काफी देर तक अमन के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह परिजन फिर से उसकी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान एक स्थानीय गोताखोर ने काफी मशक्कत के बाद गड्ढे से अमन का शव बाहर निकाला। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिवार का छोटा बेटा था अमन

अमन दो भाइयों में छोटा था और तरांव स्थित एक इंटर कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र था। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। किशोर की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लिया। वहीं, तहसीलदार महेंद्र बहादुर ने बताया कि मामला संज्ञान में है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page