अपराध
सपा कार्यकर्ता हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार
मिर्जापुर। जनपद के कटरा कोतवाली क्षेत्र हरना की गली में सपा के युवा नेता/ कार्यकर्ता प्रियांशु ओझा (22) की कुल्हाड़ी से हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी निलेश कसेरा को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है। हालांकि, इस मामले के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।
शुक्रवार दोपहर तक कार्रवाई न होने पर प्रियांशु के परिजन एसपी कार्यालय पहुंचे और एएसपी ऑपरेशन ओपी सिंह से मुलाकात की। परिजनों ने छेड़खानी का विरोध करने को हत्या का कारण बताया।
प्रियांशु की हत्या एक जनवरी की रात करीब 9 बजे हरना की गली में हुई। शिव मंदिर के पास तीनों आरोपियों ने प्रियांशु के सिर पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे मौके पर ही खून का बहाव गली में फैल गया। घायल अवस्था में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

प्रियांशु के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पहले गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया था। विरोध बढ़ने पर इसे हत्या के मुकदमे में बदल दिया गया। कटरा कोतवाली पुलिस ने रात तक तीनों आरोपियों को हिरासत में लेने का दावा किया, लेकिन शुक्रवार शाम मुख्य आरोपी निलेश कसेरा को सबरी हयात नगर मार्ग से गिरफ्तार किया गया और जेल भेज दिया गया।
कटरा कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी निलेश की गिरफ्तारी के बाद अब अन्य दो आरोपियों गुलशन कुमार और सोनू उर्फ अनुराग सिंह की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
