वाराणसी
जनता से न हो दुर्व्यवहार, ट्रैफिक जाम के लिए थानेदार होंगे जिम्मेदार : कमिश्नर मोहित अग्रवाल
घाटों पर नशीला पदार्थ बेचने वालों पर हो सख्त कार्यवाही
वाराणसी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने रविवार को कैंप कार्यालय स्थित सभागार में लोकसभा चुनाव को परिप्रेक्ष्य में रखते हुए अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी, मोहित अग्रवाल ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों, थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि, कोई भी पुलिसकर्मी जनता से दुर्व्यवहार नहीं करेगा। यदि किसी भी पुलिसकर्मी की शिकायत मिलती है तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। महिला अपराध संबंधी गंभीर मामलों में हिलाहवाली एकदम बर्दाश्त नहीं की जायेंगी, शत- प्रतिशत एफआईआर का पंजीकरण हो।थाने पर आने वाले आगंतुकों की शिकायतों का कंप्यूटर में फीडिंग हो और कार्रवाई ने उन्हें अवगत करवाएं।

शहर में जटिल समस्या ट्रैफिक जाम को लेकर पुलिस कमिश्नर ने हिदायत देते हुए कहा कि, लग्न के समय थानेदार सड़क पर निकले। क्षेत्र के सर्वाधिक जाम लगने वाले स्पॉट का चिन्हीकरण कर खुद ध्यान दें। ट्रैफिक जाम के लिए थानेदार जिम्मेदार होंगे, बार- बार शिकायत आने पर कार्रवाई भी तय होगी। घाटों पर यदि कोई भी नशीला पदार्थ बेचते हुए दिखाई दे तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें। इसके अलावा सीपी ने थाने के टॉप टेन अपराधियों की सतत निगरानी करने, क्षेत्र में अवांछनीय तत्वों को चिन्हित करके पाबंद करने और हिस्ट्रीशीटरों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने तीनों जोन के अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस की एक्टिविटी की सराहना करते हुए कहा कि, पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने 16 मार्च से अब तक 107/116 के तहत 30,324 व्यक्तियों को पाबंद किया है। 1245 व्यक्तियों पर शांतिभंग 151 की कार्यवाही हुई है। पुलिस ने 55 लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 122.094 किलो ग्राम गांजा, 0.268 किलोग्राम हेरोइन व 0.245 किलोग्राम अन्य मादक पदार्थ बरामद किया है। 258 व्यक्तियों से अवैध 3078 लीटर देशी शराब ब 90.81 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुआ है। 61 शस्र 66 कारतूस की पुलिस ने बरामदगी की है, साथ ही 154 व्यक्तियों का गुण्डा एक्ट गैंगेस्टर एक्ट की कार्यवाही की गई है। वाराणसी पुलिस हमेशा अलर्ट मोड पर रहकर इसी तरह एक्टिविटी में इंवॉल्व रहे।
इस गोष्ठी में संयुक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं अपराध श्री के. एजिलरसन, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था श्री एस. चन्नप्पा सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
