वाराणसी
बरेका में राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने दिलाया एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प
वाराणसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रशासन भवन के स्वागती हॉल में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक ने सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी परिषद के सदस्यों और कर्मचारियों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
शपथ ग्रहण के दौरान सभी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने, आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने तथा नागरिकों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और सौहार्द को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देशी रियासतों का एकीकरण कर भारत की राजनीतिक एकता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका जीवन दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रसेवा और राष्ट्रीय एकता की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य इंजीनियर राम जन्म, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार, सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, उप महाप्रबंधक सागर, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
