गाजीपुर
देवर ने भाभी के चेहरे पर चाकू से किया हमला, तीन लोगों के खिलाफ तहरीर
पति पर शराब पीकर प्रताड़ित करने का आरोप, घायल महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया
दुल्लहपुर, गाजीपुर। थाना क्षेत्र के धर्मागतपुर रामनारा स्थित चौहान बस्ती में गुरुवार की सुबह पारिवारिक विवाद के दौरान देवर ने अपनी भाभी के चेहरे पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला घायल हो गई। सूचना मिलने पर मायके से पहुंचे महिला के भाई ने उसे थाने पहुंचाया, जहां पीड़िता ने अपने ससुर और दो देवरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता सुसुम चौहान ने बताया कि उसका मायका मरदह थाना क्षेत्र के बोगना गांव में है। वर्ष 2014 में उसकी शादी धर्मागतपुर रामनारा निवासी अरविंद चौहान से हुई थी। उसके दो बच्चे भी हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति दिनभर शराब के नशे में रहता है, जिससे परिवार में आए दिन विवाद होता रहता है।
सुसुम के मुताबिक, गुरुवार की सुबह उसके देवर नागेंद्र चौहान ने चाकू से उसके चेहरे पर हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मायके से उसका भाई पहुंचा और उसे लेकर दुल्लहपुर थाने गया।
ससुर और दोनों देवरों के खिलाफ दी तहरीर
पीड़िता ने अपने ससुर सुग्रीव चौहान और देवर नागेंद्र चौहान व योगेंद्र चौहान के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। महिला का आरोप है कि ससुर के उकसाने पर दोनों देवर उसके साथ आए दिन मारपीट करते रहते हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए घायल सुसुम चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखनिया भेज दिया। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
