गाजीपुर
जमानिया में बंदरों का आतंक, टिकट खिड़की पर जमाया कब्जा
डर के चलते टिकट लेने से कतरा रहे यात्री, नगर पालिका और रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग
जमानिया, गाजीपुर। जमानिया स्टेशन बाजार सहित कस्बे में बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। अब बंदरों ने रेलवे स्टेशन की टिकट खिड़की पर भी कब्जा जमा लिया है। गुरुवार देर शाम टिकट लेने पहुंचे यात्रियों को बंदरों के हटने का इंतजार करना पड़ा। डर के कारण कई यात्री काउंटर तक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई।
रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों विजय कुमार, रमेश, मुनेश और शाहिद ने बताया कि टिकट खिड़की पर बंदरों के जमावड़े के कारण उन्हें टिकट लेने में दिक्कत हुई। उन्होंने दावा किया कि कुछ यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बंदरों को पकड़ने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से टीम भी आई थी, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। घरों की छतों, गलियों, रेलवे प्लेटफॉर्म और सार्वजनिक स्थानों पर बंदरों के झुंड दिखाई दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि बंदरों के हमलों की घटनाओं के चलते घर से बाहर निकलते समय भी सतर्क रहना पड़ता है।
नगर पालिका और रेलवे प्रशासन से कार्रवाई की मांग
टिकट खिड़की तक बंदरों के पहुंचने से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका परिषद और रेलवे प्रशासन से बंदरों के आतंक पर अंकुश लगाने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक निकालते हैं।
