गोरखपुर
जटेपुर चौकी प्रभारी हैदर अली खां की सक्रियता से वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
धोखाधड़ी, कूटरचना और मारपीट के मामले में गोरखनाथ पुलिस की कार्रवाई, आरोपी को भेजा गया जेल
गोरखपुर। अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गोरखनाथ थाना पुलिस को सफलता मिली है। जटेपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हैदर अली खां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने धोखाधड़ी, कूटरचना और मारपीट के मामले में वांछित मुख्य नामजद अभियुक्त रजनीश सोनकर उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया।
संपत्ति के अधिकार को लेकर धोखाधड़ी का आरोप
पुलिस के अनुसार, हुमायूंपुर उत्तरी निवासी आनंद सोनकर ने न्यायालय के माध्यम से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर गोरखनाथ थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। वादी का आरोप था कि आरोपियों ने धोखे से संपत्ति का अधिकार हासिल करने का प्रयास किया। इसके लिए आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों में कथित तौर पर जालसाजी कर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।
विरोध करने पर धक्का-मुक्की, मारपीट और गाली-गलौज करने के साथ जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। इस मामले में पुलिस ने रजनीश सोनकर, राजेश सोनकर और राकेश सोनकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
घर के पास से हुई गिरफ्तारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश, पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटिल और क्षेत्राधिकारी गोरखनाथ रवि कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रजनीश सोनकर उर्फ सोनू पुत्र स्वर्गीय गप्पू लाल उर्फ गब्बू लाल, निवासी हुमायूंपुर उत्तरी, थाना गोरखनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ गोरखनाथ थाने में पहले भी मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में जटेपुर उत्तर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक हैदर अली खां, हेड कांस्टेबल उत्कर्ष सिंह और महिला कांस्टेबल ज्योति यादव शामिल रहीं।
