चन्दौली
श्री गुरु रामदास जी महाराज के प्रकाश पर्व पर सजा भव्य कीर्तन समागम
गुरबाणी की मधुर धुनों से निहाल हुई संगत, गुरु के अटूट लंगर में श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
पीडीडीयू नगर (चन्दौली)। श्री गुरु रामदास जी महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार की रात मिनी महानगर स्थित जीटी रोड गुरुद्वारे में भव्य विशेष कीर्तन समागम का आयोजन किया गया। गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों से पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के प्रति श्रद्धा प्रकट करते हुए कीर्तन का श्रवण किया।
समागम में श्री दरबार साहिब, अमृतसर के हजूरी रागी भाई हर कवलप्रीत सिंह जी ने मधुर वाणी में गुरबाणी कीर्तन प्रस्तुत किया। वहीं, हजूरी रागी भाई जयपाल जी और उनके साथियों ने भी मनमोहक कीर्तन से संगत को निहाल किया। कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। गुरबाणी के संदेशों ने लोगों को आध्यात्मिक शांति और गुरु की शिक्षाओं पर चलने की प्रेरणा दी।
रात आठ बजे से साढ़े दस बजे तक चला धार्मिक कार्यक्रम
धार्मिक कार्यक्रम रात आठ बजे से साढ़े दस बजे तक चला। समापन के बाद गुरु का अटूट लंगर बरताया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर सर्वजन के सुख, शांति, समृद्धि और चढ़दी कला के लिए अरदास की गई।
गुरदीप सिंह की रही प्रमुख सहभागिता
आयोजन में भारतीय जनता पार्टी के जिला सह संयोजक, व्यापार प्रकोष्ठ गुरदीप सिंह की प्रमुख सहभागिता रही। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान रणजीत सिंह के साथ महेंद्र सिंह, इंद्रपाल सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, मनमीत सिंह, मनप्रीत सिंह, तवलीन सिंह और सतनाम सिंह सहित अन्य सेवादारों ने आयोजन की व्यवस्थाओं एवं सेवा कार्यों में सहयोग किया।
नगर में दिया श्रद्धा, सेवा और सद्भाव का संदेश
प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित इस कीर्तन समागम ने नगर में धार्मिक श्रद्धा, सेवा और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। गुरबाणी कीर्तन और गुरु के लंगर में शामिल होकर श्रद्धालुओं ने गुरु साहिब के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
