भदोही
खेत बचाओ अभियान में किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी
औराई के झऊआ में आयोजित कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य, संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती के प्रति किया जागरूक
ज्ञानपुर। औराई विकासखंड के झऊआ गांव में किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘खेत बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती और फसल अवशेष प्रबंधन की जानकारी दी गई। इसमें कुल 252 किसान और महिला किसानों ने भाग लिया।
मृदा प्रबंधन और फसल अवशेष उपयोग की जानकारी:
कृषि विभाग के उप कृषि निदेशक डॉ. राम प्रवेश ने अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने पर जोर दिया। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मृदा विज्ञान विशेषज्ञ ताराचंद बैरवा ने रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग करने, मिट्टी की जांच के लिए सही तरीके से नमूना लेने, फसल अवशेष प्रबंधन और समन्वित कृषि प्रणाली के बारे में जानकारी दी।
फसलों को रोगों से बचाने के बताए उपाय:
पादप सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. किरणकुमार जीएन ने किसानों को फसलों में रसायनों का कम से कम इस्तेमाल करने और एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन अपनाने की सलाह दी। उन्होंने धान में लगने वाले कंडवा रोग सहित अन्य फसली रोगों की पहचान और उनके नियंत्रण के उपाय भी बताए।
किसान सारथी एप के उपयोग के प्रति किया जागरूक:
कार्यक्रम में किसानों को ‘किसान सारथी’ और एनपीएसएस एप के माध्यम से कृषि तकनीक से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया। कृषि विकास अधिकारी चंदन कुमार गुप्ता ने फार्मर रजिस्ट्री तथा केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी दी।
252 किसान और महिला किसान रहे मौजूद:
कार्यक्रम में वो पटेल, धरनी धर तिवारी, चंद्रदेव पांडेय, अनिल तिवारी और शैलेंद्र पांडेय सहित कुल 252 किसान एवं महिला किसान उपस्थित रहे।
