गाजीपुर
कुश्ती दंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच, अभिषेक और गोलू ने मारी बाजी
महाराजगंज पोखरे पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन, कई मुकाबले बराबरी पर छूटे
नंदगंज (गाजीपुर)। कुआर पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रविवार को महाराजगंज पोखरे पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आए पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि सदर विधायक जैकिशन साहू ने पहलवानों का हाथ मिलाकर दंगल का शुभारंभ किया।
कुश्ती भारत की प्राचीन खेल परंपरा : जैकिशन साहू
इस अवसर पर विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि कुश्ती भारत का प्राचीन खेल है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं में शारीरिक क्षमता एवं खेल भावना का विकास होता है।

अभिषेक और गोलू पहलवान ने दर्ज की जीत
दंगल में एकला के प्रियांशु पहलवान और सरैया के अभिषेक पहलवान के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें अभिषेक ने प्रियांशु को पटकनी देकर जीत हासिल की। वहीं, अंधऊ के गोलू पहलवान ने वाराणसी के सूरज पहलवान को पराजित कर अपनी जीत दर्ज की।
दो मुकाबले बराबरी पर छूटे
धरवां के पंकज पहलवान और सरैया के सत्यवान पहलवान के बीच जोरदार मुकाबला हुआ, लेकिन दोनों पहलवानों में कोई भी निर्णायक जीत हासिल नहीं कर सका और मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसी तरह वाराणसी के धर्मेंद्र पहलवान और शेखपुर छपरा के उमाशंकर पहलवान के बीच हुई कुश्ती भी बराबरी पर छूटी। मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन किया।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
दंगल में रामनगीना पांडेय, आफत यादव, हरिवंश यादव बचनू, राजन यादव, रामसहाय विश्वकर्मा, किशन बिंद, संजय शर्मा, बंटी यादव और लालजी यादव सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। दंगल कमेटी के अध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने अतिथियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
