भदोही
ज्ञानपुर रोड रेलवे ट्रैक पर अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, शिनाख्त में जुटी पुलिस
डाउन लाइन पर मिला करीब 40 वर्षीय व्यक्ति का शव, जीआरपी ने मोर्चरी में रखवाया
गोपीगंज, भदोही। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन पर गुरुवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब 11:15 बजे ज्ञानपुर रोड स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को मेमो देकर सूचना दी कि गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के माधोरामपुर के पास किलोमीटर संख्या 264/28-26 के मध्य बनारस की तरफ जाने वाली डाउन लाइन पर एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है।
सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी ज्ञानपुर रोड आनंद कुमार यादव कांस्टेबल सचिन कुमार और कांस्टेबल जिगर यादव के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहां करीब 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव पड़ा मिला। मृतक के शरीर पर चोट और खरोंच के निशान थे। उसके सिर के दाहिने हिस्से में गंभीर चोट लगी हुई थी।
जीआरपी ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया।
जीआरपी चौकी प्रभारी आनंद कुमार यादव ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
