गाजीपुर
देवकली में स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी
देवकली, गाजीपुर। स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए देवकली स्थित हनुमान सिंह इंटर कॉलेज में मतदान जारी है। मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। इनमें महिला मतदाताओं की भी अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है। दोपहर बाद मतदान में तेजी आने की जानकारी मिली है।
इस चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा, भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी केदार सिंह और समाजवादी पार्टी से बागी होकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे सुनील यादव के बीच मुकाबला है। तीनों प्रत्याशियों के समर्थकों ने मतदान केंद्र के आसपास अलग-अलग कैंप लगाए हैं। मतदाता क्रम संख्या के आधार पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
पुलिस की निगरानी में हो रहा मतदान
मतदान केंद्र पर भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। रामपुर मांझा थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने जयदेश संवाददाता पीयूष सिंह मयंक को बताया कि मतदान शांतिपूर्ण माहौल में चल रहा है। मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है।
तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला
स्नातक एमएलसी चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी सुनील यादव पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा वर्तमान में स्नातक एमएलसी हैं। भाजपा प्रत्याशी केदार सिंह पूर्व में दो बार स्नातक एमएलसी रह चुके हैं।
चुनाव में तीनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा है। अब देखना होगा कि मतदाता किस प्रत्याशी के पक्ष में अपना समर्थन जताते हैं और चुनाव परिणाम किसके पक्ष में जाता है।
