Connect with us

वाराणसी

भीख नहीं, अधिकार चाहिए… जीने का सम्मान चाहिए

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। आशा ट्रस्ट के तत्वावधान में शुक्रवार को ढढ़ोरपुर गांव में कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, दहेज प्रथा, यौन उत्पीड़न और महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव के खिलाफ किशोरियों ने जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल लड़कियों ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया और बाल विवाह व दहेज प्रथा पर रोक लगाने की मांग की।

रैली में शामिल किशोरियां ‘भ्रूण हत्या पर रोक लगाओ’, ‘बाल विवाह बंद करो’, ‘तिलक-दहेज छोड़ो, जाति-पाति तोड़ो’, ‘भीख नहीं, अधिकार चाहिए, जीने का सम्मान चाहिए’, ‘औरत भी जिंदा इंसान है, भोग की वस्तु नहीं’ और ‘बाल यौन हिंसा पर रोक लगाओ’ जैसे नारे लगा रही थीं। रैली ढढ़ोरपुर और कोइलीपुर गांव की विभिन्न बस्तियों से होकर आशा सिलाई-कढ़ाई केंद्र पहुंची, जहां बालिका महोत्सव का आयोजन किया गया।

महोत्सव में लड़कियों ने नाटक, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या, दहेज प्रथा, लैंगिक असमानता और बालिकाओं के यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को उठाया। इस आयोजन में ढढ़ोरपुर, जयापुर, चंदापुर, भीखमपुर, असवारी, बूड़ापुर और कोइलीपुर सहित कई गांवों की सैकड़ों किशोरियों और महिलाओं ने भाग लिया।

Advertisement

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आराजी लाइन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. महेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष बाद भी समाज में लड़कियों और महिलाओं के साथ भेदभाव किया जा रहा है। संविधान ने सभी को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन सामाजिक व्यवस्था के कारण महिलाओं और लड़कियों को बराबरी का हक नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति को बदलने के लिए सामाजिक सोच में बदलाव लाना जरूरी है।

ओडिशा से आए सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत दहुरी ने कहा कि सख्त कानून बनने के बावजूद लड़कियों और महिलाओं के साथ छेड़खानी, दुष्कर्म और घरेलू हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह सभ्य समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। महिला संगठन की संयोजिका अनीता पटेल ने कहा कि लड़कियों और महिलाओं को अपने हक और अधिकारों के लिए आगे आकर स्वयं पहल करनी होगी। वहीं, सोनी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे लड़कियों को अधिक से अधिक शिक्षा दिलाएं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें।

कार्यक्रम का शुभारंभ लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर और सामाजिक कार्यकर्ता रंजीत दहुरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत सीमा और मैनब बानो ने किया, जबकि संचालन सोनी बेबी ने किया। कार्यक्रम संयोजिका सिताबुन ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य महेंद्र पटेल, क्षेत्र पंचायत सदस्य राजू वर्मा, रामसिंह वर्मा, अनीता, सोनी, मधुबाला, ज्योति, किरन, संचिता, मनीषा, नेहा, उर्मिला, खुशबू, माला, डॉली, मुस्कान, साबिया, चंचल, अप्सरी, पूनम, सीमा, रामबचन और पंचमुखी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page