Connect with us

गोरखपुर

शिक्षक एमएलसी चुनाव के चलते गोरखपुर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूल बंद

Published

on

Loading...
Loading...

23 अक्टूबर को नर्सरी से 12वीं तक के विद्यालयों में विशेष अवकाश, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के स्कूल भी रहेंगे बंद

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक चुनाव को देखते हुए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को गोरखपुर जिले में कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी विद्यालयों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेन्द्र त्रिपाठी और जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।

जारी आदेश के अनुसार, 23 अक्टूबर को शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान निर्धारित होने के कारण जिले के सभी परिषदीय, माध्यमिक, मान्यता प्राप्त और सहायता प्राप्त विद्यालय बंद रहेंगे। यह आदेश सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर भी लागू होगा। नर्सरी से कक्षा 12 तक के सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मतदान के दिन विशेष अवकाश घोषित करने का निर्णय जिलाधिकारी के निर्देश पर लिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रबंधकों को भेजकर अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान निर्धारित है। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page