Connect with us

चन्दौली

वन भूमि पर कब्जे को लेकर हंगामा, महिलाओं ने घेरा रेंज कार्यालय

Published

on

Loading...
Loading...

वनकर्मियों पर मारपीट और 10 हजार रुपये लेने का आरोप, रेंजर बोले- जुर्माने की राशि की दी गई सरकारी रसीद

नौगढ़ (चंदौली)। गोलाबाद गांव के समीप आरक्षित वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को दो दर्जन से अधिक महिलाओं ने जयमोहनी वन रेंज कार्यालय के मुख्य गेट पर घेराव कर हंगामा किया। महिलाओं ने वनकर्मियों पर मारपीट करने, खेती के उपकरण ले जाने और मुरली व परवेज नामक दो युवकों से 10 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया। उन्होंने वन विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

वनकर्मियों पर मारपीट का आरोप

महिलाओं का आरोप है कि बीते सोमवार को आरक्षित वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वनकर्मियों ने वहां खेती करने वाले लोगों के साथ मारपीट की। साथ ही हल-बख्खर सहित खेती में इस्तेमाल होने वाला अन्य सामान भी उठा ले गए। महिलाओं ने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान मुरली और परवेज नामक दो युवकों को पकड़कर उनसे 10 हजार रुपये लिए गए।

रेंजर ने आरोपों को बताया निराधार

क्षेत्रीय वन अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने सभी आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि 10 हजार रुपये वन अपराध के मामले में लगाया गया जुर्माना है, जिसकी सरकारी रसीद संबंधित पक्ष को दी गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरक्षित वन भूमि पर कब्जा करने वाला एक समूह विभागीय कार्रवाई का विरोध कर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है।

अतिक्रमण मुक्त कराकर कराया जाएगा पौधारोपण

रेंजर के अनुसार, गोलाबाद गांव के समीप आरक्षित वन भूमि पर वर्षों से अवैध खेती किए जाने की शिकायत मिली थी। इसके बाद सोमवार को वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर खेती पर रोक लगाने की कार्रवाई शुरू की। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षित वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रहेगी और चिन्हित क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पौधारोपण कराया जाएगा।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page