गाजीपुर
अवधेश राय शास्त्री की प्रथम पुण्यतिथि पर प्रतिभाओं का सम्मान
प्रतिभा सम्मान समारोह में मेधावी छात्राओं को मिला पुरस्कार
गाजीपुर/भांवरकोल। शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज शेरपुर में बुधवार को श्री अवधेश राय शास्त्री स्मृति एवं सेवा न्यास के तत्वावधान में पूर्व विधायक अवधेश राय शास्त्री की प्रथम पुण्यतिथि मनाई गई। इस अवसर पर प्रतिभा सम्मान एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित हुआ। लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मेधावी छात्राओं को किया गया सम्मानित
विद्यालय की इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा आरती चौधरी और हाईस्कूल में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली छात्रा मनीषा पटेल को स्मृति चिह्न सहित अन्य पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समाजसेवा के लिए याद किए गए अवधेश राय शास्त्री
वक्ताओं ने अवधेश राय शास्त्री के जीवन, विचार और कार्यों को याद करते हुए कहा कि वह सादा जीवन और उच्च विचार के धनी थे। राजनीति में उनका प्रवेश पद और धन के लिए नहीं, बल्कि समाजसेवा के उद्देश्य से हुआ था। शिक्षक, विधायक और इंटर कॉलेज के प्रबंधक के रूप में भी उनके सरल स्वभाव में कोई बदलाव नहीं आया।
किसानों और समाज के हित में किए कार्यों को किया याद
वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 1985 से 1989 तक विधायक रहते हुए किसानों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के हित में किए गए उनके कार्य सदैव स्मरणीय रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विनोद राय ने की और संचालन शिक्षक संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय ने किया।
न्यास अध्यक्ष ने जताया आभार
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक उमेश चंद्र राय, प्रधानाचार्य अमित यादव, पूर्व ग्राम प्रधान जेपी राय, बृजेश राय शर्मा, हेमनाथ राय, मिथिलेश राय, महेंद्र नाथ राय, आलोक राय, श्याम नारायण राय, स्वदेश राय ‘सपन’, ओम प्रकाश राय ‘मुन्ना’, अक्षय कुमार राय, चंदन भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। न्यास के अध्यक्ष एवं स्वर्गीय अवधेश राय शास्त्री के पुत्र बृजेश राय शर्मा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार जताया।
