Connect with us

गाजीपुर

बांस के सहारे 11 हजार लाइन की सप्लाई, हादसे का खतरा

Published

on

Loading...
Loading...

पखनपुरा गांव में विद्युत पोल टूटने के बाद बांस के सहारे चल रही आपूर्ति, ग्रामीणों ने की सीमेंट का पोल लगाने की मांग

भांवरकोल (गाजीपुर)। क्षेत्र के पखनपुरा गांव में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल के स्थान पर बांस के सहारे 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन संचालित होने से ग्रामीणों में हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द से जल्द सीमेंट का नया विद्युत पोल लगाने की मांग की है।

डग्गामार वाहन की टक्कर से टूट गया था पोल

ग्रामीणों के अनुसार, बीते दिनों एक अज्ञात डग्गामार वाहन ने 11 हजार लाइन के विद्युत पोल में टक्कर मार दी थी। टक्कर के कारण सीमेंट का पोल क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में टूटकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद स्थानीय लाइनमैन और ग्रामीणों ने मिलकर क्षतिग्रस्त पोल को हटाया। इस दौरान कई घंटे तक गांव की बिजली आपूर्ति भी बाधित रही।

बांस के सहारे जोड़ दिए गए तार

विद्युत आपूर्ति बहाल करने के लिए फिलहाल सीमेंट के पोल की जगह बांस लगाकर 11 हजार लाइन के तारों को किसी तरह जोड़ दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि मौजूदा समय में भी 11 हजार वोल्ट की लाइन इसी बांस के सहारे चल रही है।

33 हजार लाइन के पोल के पास लगा है बांस

जिस स्थान पर 11 हजार लाइन के तार बांस के सहारे लगाए गए हैं, उसके ठीक बगल में 33 हजार लाइन का विद्युत पोल भी मौजूद है। ग्रामीणों को आशंका है कि आंधी-तूफान या तेज हवा चलने पर बांस के गिरने से 11 हजार लाइन के तार जमीन पर आ सकते हैं। इससे करंट फैलने और जानमाल के नुकसान का खतरा बना हुआ है।

Advertisement

ग्रामीणों ने की जल्द पोल लगाने की मांग

शमसाद दरोगा, नौशाद खां समेत गांव के लोगों ने बिजली विभाग से बांस हटाकर सीमेंट का नया विद्युत पोल लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हादसे की आशंका को देखते हुए विभाग को मामले में जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

इस संबंध में प्रतिनिधि को बिजली विभाग के जेई चंदन सिंह ने बताया कि पोल भेजवाया गया है। जल्द ही पोल गाड़कर तार जोड़ दिए जाएंगे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page