गाजीपुर
गंगा का जलस्तर घटा, तीन दिनों से कटान बंद होने पर ग्रामीणों ने ली राहत की सांस
भांवरकोल (गाजीपुर), 25 अगस्त। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट आने से सैदपुर के मुबारकपुर से लेकर गहमर शिवालय तक पिछले तीन दिनों से कटान की रफ्तार थम गई है। कटान बंद होने और पानी कम होने से तटवर्ती गांवों के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
पानी बढ़ने पर बढ़ जाती थी ग्रामीणों की चिंता
मुबारकपुर निवासी रबिंद्र मल्लाह ने बताया कि गंगा का पानी घटने से ग्रामीणों की चिंता कम हुई है। उन्होंने बताया कि गंगा नदी से मुबारकपुर गांव की दूरी करीब 200 मीटर है। पानी बढ़ने पर गांव की लगभग 400 आबादी वाले मल्लाह समुदाय के लोगों की धड़कनें बढ़ जाती हैं और गांव के अस्तित्व को लेकर चिंता पैदा हो जाती है।
ठोकर बनने के बावजूद मंडरा रहा था खतरा
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के पास इस वर्ष भी करीब 500 मीटर तक ठोकर बनाई गई है। इसके बावजूद गंगा का जलस्तर बढ़ने पर ठोकर के आगे से पानी आने और गांव के चारों ओर पानी भरने का खतरा बना रहता है। पिछले दिनों बढ़ते जलस्तर के कारण ग्रामीण काफी चिंतित थे, लेकिन अब पानी घटने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।
भांगड़ा नाला का पानी कई गांवों तक पहुंचा
उधर, वीरपुर से गंगा नदी से निकला भांगड़ा नाला सेवानी, धर्मपुरा और फिरोजपुर को घेरते हुए कटार आमघाट, महेशपुर, नकटीकोल, रानीपुर, पखनपुरा और कबीरपुर तक पहुंच गया है। हालांकि पानी का बहाव जारी रहने के कारण कई स्थानों पर पानी ठहरने से बच गया है, जिससे किसानों की फसलों को होने वाली संभावित क्षति कम हुई है।
