Connect with us

भदोही

भदोही पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप में 5 पुलिसकर्मी निलंबित

Published

on

Loading...
Loading...

एसपी अभिनव त्यागी की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति, विभागीय जांच भी शुरू

भदोही, 24 अगस्त। पुलिस विभाग में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए भदोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिसकर्मियों के खिलाफ मिली शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने भ्रष्टाचार, कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता जैसे आरोपों में 5 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। संबंधित मामलों में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस की छवि से समझौता नहीं: एसपी

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विभाग की गरिमा और आमजन के विश्वास के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। ड्यूटी में लापरवाही, उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, विवेचनाओं में शिथिलता और किसी भी प्रकार के भ्रष्ट आचरण की शिकायत मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

महिला संबंधी अपराध में लापरवाही पर दरोगा निलंबित

थाना ज्ञानपुर में तैनात उप निरीक्षक श्याम नारायण यादव को महिला संबंधी अपराध की शिकायत में अपेक्षित वैधानिक कार्रवाई न करने के आरोप में निलंबित किया गया है। ग्राम बथानीर की एक महिला द्वारा अपनी पुत्री के साथ हुए गलत कृत्य के संबंध में शिकायत दी गई थी। मामले में शिकायतकर्ता की समस्या के समुचित और समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही तथा कर्तव्य निर्वहन में अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया पाए जाने पर कार्रवाई की गई।

लंबित विवेचनाओं में शिथिलता पर कार्रवाई

थाना औराई में तैनात उप निरीक्षक विष्णुकांत मिश्रा को विवेचनाओं के निस्तारण और लंबित मामलों में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अपेक्षित अनुपालन न करने के आरोप में निलंबित किया गया है। जांच में प्रथम दृष्टया कर्तव्य के प्रति लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Advertisement

अपहृता की बरामदगी में तत्परता न दिखाने पर निलंबन

थाना चौरी में तैनात उप निरीक्षक महेंद्र राम पर एक मुकदमे में अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अपेक्षित एवं प्रभावी विवेचनात्मक कार्रवाई न करने का आरोप है। जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

सोशल मीडिया वीडियो के बाद दो पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

थाना ऊंज में तैनात मुख्य आरक्षी नगेंद्र कुमार गौतम और आरक्षी सुनील कुमार को भी निलंबित किया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो क्लिप में दोनों पुलिसकर्मियों पर एक जमीनी विवाद में अवैध तरीके से हस्तक्षेप करने के आरोप सामने आए थे। प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर और पुलिस विभाग की छवि को प्रभावित करने वाला पाए जाने पर दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू की गई है।

लापरवाही और भ्रष्ट आचरण पर आगे भी होगी सख्त कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, निष्पक्ष विवेचना, पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही, विवेचनाओं में शिथिलता, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अनदेखी या पद के दुरुपयोग के मामलों में भविष्य में भी बिना किसी भेदभाव के कठोरतम विभागीय और दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निष्पक्ष और जवाबदेह पुलिसिंग का भरोसा

भदोही पुलिस ने कहा कि आमजन को निष्पक्ष, पारदर्शी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिस व्यवस्था उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page