गाजीपुर
2.970 किलो गांजा और तमंचे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
नोनहरा पुलिस ने चकफरीद के पास की कार्रवाई, बाइक भी बरामद
दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
गाजीपुर। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नोनहरा पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को 2.970 किलोग्राम अवैध गांजा, 315 बोर के तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, 8 अगस्त को थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी हमराह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कासिमाबाद-अटवा मोड़ रोड पर ग्राम चकफरीद के पास संदिग्ध लोग मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अकबर रायनी (22) पुत्र आजाद रायनी, निवासी डाही उर्फ डहिया, थाना कासिमाबाद और हरिओम जायसवाल (26) पुत्र रमाकान्त जायसवाल, निवासी चक जैनब, थाना बरेसर के रूप में हुई।
गांजा, तमंचा और कारतूस बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो बंडलों में 2 किलो 970 ग्राम गांजा, एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल संख्या UP61BQ8604 बरामद की।
बरामदगी के आधार पर नोनहरा थाने में मु0अ0सं0 262/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दोनों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अकबर रायनी के खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, धमकी, एससी/एसटी एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं हरिओम जायसवाल के खिलाफ भी मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष विवेक कुमार तिवारी और उपनिरीक्षक अविनाश मणि तिवारी समेत नोनहरा थाना पुलिस के कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
