गाजीपुर
मिशन शक्ति के तहत गाजीपुर में पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त, एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस ने लोगों को किया जागरूक, शोहदों के खिलाफ कार्रवाई
गाजीपुर। महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान जारी है। अभियान के तहत रविवार को गाजीपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस ने मुख्य बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर लोगों को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।

संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पैदल गश्त
पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े उपायों की जानकारी दी। पुलिस ने आमजन से किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले और महिलाओं व बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ असामाजिक तत्वों पर भी प्रभावी निगरानी रखी जा रही है।
