गाजीपुर
चेहल्लुम पर गूंजी ‘या हुसैन’ की सदाएं
नौहाख्वानी में उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़
मोहम्मदाबाद के जफरपुरा में हुआ इनामिया नौहाख्वानी मुकाबला, अंजुमन हुसैनिया कटैला ने जीता पहला स्थान
मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। मोहर्रम के चेहल्लुम के अवसर पर मोहम्मदाबाद नगर के जफरपुरा (पोखरा मोहल्ला) में शनिवार रात गम और अकीदत से सराबोर नौहाख्वानी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय अंजुमनों के साथ बाहरी अंजुमनों ने भी हिस्सा लिया। नौहाख्वानों ने कर्बला के शहीदों की याद में नौहे पेश कर इमाम हुसैन और उनके साथियों की कुर्बानियों को याद किया।
नौहाख्वानों की आवाज में कर्बला की शहादत और दर्द का जिक्र हुआ तो माहौल गमगीन हो गया। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने कार्यक्रम में पहुंचकर मातम किया और इमाम हुसैन सहित कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की।
कार्यक्रम में इनामिया नौहाख्वानी मुकाबला भी आयोजित हुआ। इसमें अंजुमन हुसैनिया, कटैला गाजीपुर ने प्रथम, अंजुमन गुलजार हैदरी, जफरपुरा मोहम्मदाबाद ने द्वितीय और अंजुमन उस्मानिया, नवापुरा मोहम्मदाबाद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता अंजुमनों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
अंजुमन वारसिया के सदर राजू कुरैशी ने बताया कि चेहल्लुम के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय और बाहरी अंजुमनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन कर्बला के शहीदों की कुर्बानी और इमाम हुसैन के संदेश को याद करने का माध्यम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वार्ड नंबर 16 के सभासद हैदर अली उर्फ कल्लू ने की। इस अवसर पर अंजुमन वारसिया के सेक्रेटरी बबलू राईनी, कुर्बान राईनी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। देर रात तक मोहल्ले में नौहों की गूंज और ‘या हुसैन’ की सदाएं सुनाई देती रहीं।
