गाजीपुर
शराब के नशे में विवाद के बाद खूनी झड़प
चाकू और लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप, भांवरकोल पुलिस ने शुरू की जांच
भांवरकोल (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के अवथही गांव में गुरुवार देर रात शराब के नशे में हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कनुवान गांव से रिश्तेदारी में आए लोगों ने गाली-गलौज के बाद स्थानीय लोगों पर चाकू, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
अवथही निवासी खलीफा डोम पुत्र साहू डोम ने भांवरकोल थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कनुवान गांव से गोरख डोम के यहां रिश्तेदारी में आए रंगबाज डोम, नरेश डोम, राकेश डोम, करिया डोम, रामलखन डोम समेत करीब आधा दर्जन लोगों ने शराब के नशे में गाली-गलौज शुरू कर दी।
ग्रामीणों द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में खलीफा डोम, रमेश, मिथुन, लोटन, कीर्तन और गीता देवी घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद भांवरकोल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रोहित कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
