गाजीपुर
मिशन शक्ति के तहत गाजीपुर में पुलिस की पैदल गश्त
बाजारों और संवेदनशील इलाकों में चला जागरूकता अभियान, एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग
गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के तहत शनिवार को जिले में पुलिस ने व्यापक जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के क्रम में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के साथ आम लोगों से भी सहयोग की अपील की।

वहीं, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण और चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों और महिलाओं-बालिकाओं से छेड़खानी करने वाले शोहदों पर नजर रखी तथा आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस ने लोगों को महिला सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं और शिकायतों के लिए पुलिस से तत्काल संपर्क करने के प्रति भी जागरूक किया। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले में अभियान लगातार जारी रहेगा।
