गाजीपुर
अभय ने एथलेटिक्स में जीता रजत पदक
5000 मीटर पैदल चाल में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई
बहरियाबाद (गाजीपुर)। 21वीं उत्तर प्रदेश यूथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन शनिवार को प्रयागराज स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता के पहले ही दिन गाजीपुर के होनहार एथलीट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
5000 मीटर पैदल चाल में हासिल किया सिल्वर मेडल
प्रतियोगिता में डा. एमए अंसारी इंटर कॉलेज मुहम्मदाबाद के छात्र एवं रसूलपुर निवासी कूसा बिंद के पुत्र अभय प्रसाद ने 5000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।
गाजीपुर के 12 खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग
गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के सचिव डा. रुद्रपाल यादव ने बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के कुल 12 एथलीट प्रतिभाग कर रहे हैं, जिनमें एक बालिका और 11 बालक शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले ही दिन अभय प्रसाद की सफलता से जिले के खिलाड़ियों में उत्साह बढ़ा है।
खिलाड़ी की सफलता पर जताई खुशी
अभय प्रसाद की उपलब्धि पर गाजीपुर एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह, क्रीड़ा अधिकारी देवी लाल, संघ के उपाध्यक्ष एवं अंतरराष्ट्रीय एथलीट आनंद यादव, चयन समिति चेयरमैन काशीनाथ यादव, प्रधानाचार्य सुजीत कुमार, क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह, कोच रामअवध सहित संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
