गाजीपुर
कुडिल–जाहीं रायपुर सड़क निर्माण का टेंडर फिर अटका, 15 दिन बाद दोबारा होगी निविदा प्रक्रिया
एक ही ठेकेदार के आवेदन से निरस्त हुई प्रक्रिया, संघर्ष समिति ने सड़क बनने तक आंदोलन जारी रखने का किया ऐलान
आरईएस विभाग ने बताया—नियमों के तहत कम से कम तीन निविदाकार आवश्यक, निर्माण के बाद चार वर्ष तक होगा रखरखाव
जखनिया (गाजीपुर)। कुडिल से जाहीं रायपुर तक प्रस्तावित सड़क निर्माण की प्रक्रिया एक बार फिर अटक गई है। सड़क निर्माण के लिए 4 जुलाई को खोली गई टेंडर प्रक्रिया में केवल एक ठेकेदार द्वारा निविदा दाखिल किए जाने के कारण विभागीय नियमों के तहत इसे मान्यता नहीं मिल सकी। अब 15 दिन बाद दोबारा निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
यह जानकारी आरईएस विभाग के अधिशासी अभियंता ने सर्वदलीय तहसील विकास एवं जनकल्याण संघर्ष समिति, जखनिया के अध्यक्ष देवनारायण सिंह से हुई वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि विभागीय नियमों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया को वैध बनाने के लिए कम से कम तीन निविदाकारों का होना आवश्यक है। इसी कारण अब दोबारा 15 दिनों का समय देकर नई निविदा आमंत्रित की जाएगी।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवनारायण सिंह ने कहा कि कुडिल–जाहीं रायपुर सड़क वर्षों से क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क निर्माण पूरा होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जनहित के इस मुद्दे पर किसी भी स्तर पर पीछे नहीं हटेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सड़क निर्माण पूरा होने के बाद संबंधित ठेकेदार को चार वर्षों तक सड़क के रखरखाव और मरम्मत की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनता के समर्थन से यह बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा।
इस दौरान सर्वदलीय तहसील विकास एवं जनकल्याण संघर्ष समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।
