गाजीपुर
चारा काटने की मशीन चलाते समय करंट लगने से महिला की मौत
नंदगंज के बांसाबांध गांव में हादसा, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
नंदगंज (गाजीपुर)। थाना क्षेत्र के बांसाबांध गांव में शनिवार को चारा काटने की मशीन चालू करते समय करंट की चपेट में आने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, बांसाबांध गांव निवासी भोला राम की पुत्रवधू रिंकू देवी (35), पत्नी बरगेश, शनिवार को पशुओं के लिए चारा काटने की मशीन चालू करने गई थीं। इसी दौरान मशीन में उतरे विद्युत प्रवाह की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज स्थित जिला अस्पताल गाजीपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतका के पति बरगेश खेती-किसानी का कार्य करते हैं। रिंकू देवी अपने पीछे तीन पुत्र—तनमन (16 वर्ष), विष्णुनंद (10 वर्ष) और शिवानंद (8 वर्ष)—को छोड़ गई हैं। मां की असामयिक मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र ने बताया कि मृतका के ससुर भोला राम की तहरीर पर विद्युत स्पर्शाघात से मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
