Connect with us

गाजीपुर

पुलिस मुठभेड़ में शातिर गो-तस्कर गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

मरदह में पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली, ट्रक से गोवंश बरामद; कई तस्कर फरार

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर रविवार को पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर तस्कर घायल होकर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, तस्कर ट्रक में गोवंश को क्रूरता पूर्वक लादकर वध के उद्देश्य से बिहार ले जा रहे थे। घटना के दौरान कुछ तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गो-तस्कर ट्रक से गोवंश लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। इसी दौरान रास्ता भटकने के कारण ट्रक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर हैदरगंज के पास पहुंच गया। सूचना पर सक्रिय हुई मरदह पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ट्रक को रोकने का प्रयास किया।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तस्कर घायल

पुलिस का आरोप है कि ट्रक रुकवाने के दौरान उसमें सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जावेद आलम, निवासी पारासरायमीर, जनपद आजमगढ़, के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मरदह पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Advertisement

फरार तस्करों की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ट्रक से गोवंश बरामद कर लिया गया है। वहीं, अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हुए अन्य तस्करों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page