गाजीपुर
देश अपने वीर बलिदानियों को कभी नहीं भूलता
आतंकवादी हमले में शहीद सीआरपीएफ जवान विजय शंकर राय की 34वीं पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि
कुंडेसर (गाजीपुर)। क्षेत्र के शेरपुर खुर्द गांव निवासी तथा आतंकवादी हमले में शहीद हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के वीर जवान स्वर्गीय विजय शंकर राय की 34वीं पुण्यतिथि शनिवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। उनके पैतृक आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सीआरपीएफ अधिकारियों ने शहीद के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान, दीप प्रज्ज्वलन और शहीद विजय शंकर राय के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। शहीद के पुत्र एवं सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट प्रेम शंकर राय तथा चंदौली ग्रुप में तैनात उपनिरीक्षक चंद्रभान प्रताप राय ने सर्वप्रथम पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उपनिरीक्षक चंद्रभान प्रताप राय ने कहा कि 18 जुलाई 1992 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान बम विस्फोट में विजय शंकर राय वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अदम्य साहस और शौर्य का परिचय देते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया।

उन्होंने कहा कि शहीद विजय शंकर राय का त्याग और बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। ऐसे वीर सपूतों की शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाती और देश अपने वीर बलिदानियों को कभी नहीं भूलता। उन्होंने कहा कि शहीदों के बलिदान के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं और देशवासी सुरक्षित जीवन जी रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने “अमर शहीद विजय शंकर राय अमर रहें”, “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के गगनभेदी नारों के साथ शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर अवधेश राय, हेमनाथ राय, मिथिलेश राय, जयशंकर राय, पारसनाथ पांडेय, रामाशंकर राय, नित्यानंद मिश्रा, देव पूजन राय, विकास राय, मुन्ना राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
